384 वर्ष पुराने श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में 12 जुलाई से चार दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 10 जुलाई।

मोखापाड़ा स्थित 384 वर्ष पुराने ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर के पुनर्निर्माण के उपरांत चार दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना महोत्सव का आयोजन 12 से 15 जुलाई तक किया जाएगा। श्री गौतम गौड़ हितकारिणी समिति, कोटा के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विभिन्न मांगलिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। महोत्सव में संत-महात्माओं, विद्वान आचार्यों एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

12 जुलाई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

कार्यक्रम संयोजक हीरेन्द्र शर्मा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 12 जुलाई को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यात्रा में महिलाएं पीली साड़ी तथा पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा धारण कर शामिल होंगे। बैंड-बाजों, धार्मिक ध्वजों और जयघोष के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा।

संतों के सान्निध्य में होंगे वैदिक अनुष्ठान

महोत्सव में संत शिरोमणि श्री बाल किशन जी महाराज (ककोड़ वाले) का विशेष सान्निध्य रहेगा। वहीं मुख्य आचार्य पंडित संजय चतुर्वेदी संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठानों का वैदिक विधि-विधान के अनुसार संचालन करेंगे।

विष्णु सहस्त्रनाम, हवन और संगीतमय सुंदरकांड का होगा आयोजन

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर मोखापाड़ा के अध्यक्ष प्रमोद गौतम एवं महामंत्री डॉ. बृज सुन्दर गौतम ने बताया कि 13 जुलाई को श्री गणपति पूजन एवं श्री विष्णु सहस्त्रनाम पाठ होगा। 14 जुलाई को भगवान का अभिषेक, वैदिक हवन, पूजन तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन रात्रि 9 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा।

15 जुलाई को होगी प्राण-प्रतिष्ठा और 108 दीपों से महाआरती

एडवोकेट मनोज गौतम ने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 15 जुलाई को प्रातः 9 बजे मुख्य आचार्य पंडित संजय चतुर्वेदी के निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा भगवान श्री लक्ष्मीनाथ एवं महर्षि गौतम की प्रतिमाओं की वैदिक विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद 108 दीपों से भगवान श्री लक्ष्मीनाथ की भव्य महाआरती होगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

चार दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव को लेकर समाज एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण है। आयोजकों ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमियों से सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!