Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 29 अप्रैल| अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर ब्राह्मण समाज कोटा महानगर द्वारा बालाजी नगर स्थित परशुराम वाटिका में भगवान परशुराम जी का भव्य पंचामृत दुग्धाभिषेक एवं श्रृंगार पूजन किया गया। यह आयोजन प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी के विग्रह पर 21 विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत (दूध, दही, शहद, शक्कर व गंगाजल) से भव्य अभिषेक से हुई।
इसके बाद आकर्षक मनोहर श्रृंगार कर भगवान परशुराम की महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन में 51 किलो पंचामृत का प्रयोग किया गया।को
ब्राह्मण कल्याण परिषद के संयोजक अनिल तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा “यह आयोजन ब्राह्मण समाज की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। समाज के युवाओं को सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की महती आवश्यकता है।”
इस अवसर पर कोटा दक्षिण के विधायक श्री संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा “भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज के ही नहीं, संपूर्ण राष्ट्र के गौरव हैं। उनका पराक्रम, ज्ञान और तपस्विता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व यूआईटी चेयरमैन रविंद्र त्यागी, गोदावरी धाम के महंत शैलेंद्र भार्गव, सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजेंद्र गौतम, अखिल ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, महामंत्री नंदकिशोर शर्मा, ब्रजराज गौतम (संभागीय अध्यक्ष) तथा वृंदावन से पधारे संत राम गोपाल जी महाराज सहित ब्राह्मण समाज के अनेक प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समापन पर समाजजनों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे समाज और संस्कृति के संरक्षण हेतु एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे।