Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 1 जून।
भारत विकास परिषद की देवी अहिल्या शाखा द्वारा पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर “अहिल्या सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, संस्कृति और सामाजिक योगदान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही 31 कर्मठ महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी रहीं, जिन्होंने कहा कि –
“देवी अहिल्याबाई का जीवन आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जिस युग में महिला नेतृत्व और न्यायप्रिय शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आज भी अप्रतिम है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संयोजक संस्कार किशन पाठक ने की। उन्होंने कहा –
“अहिल्याबाई होल्कर केवल एक प्रशासक नहीं, बल्कि शिवभक्ति, त्याग, सेवा और नारी नेतृत्व की प्रतिमूर्ति थीं। देवी अहिल्या शाखा ने उनके पदचिन्हों पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनुकरणीय कार्य किया है।”
विशिष्ट अतिथि प्रांतीय कोषाध्यक्ष अरविंद गर्ग ने देवी अहिल्याबाई को लोकमाता कहे जाने का कारण बताया और उनके धर्म, न्याय, सेवा तथा महिला सशक्तिकरण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि –
“हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में उनके आदर्शों को उतारने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम का उद्घाटन भारत माता, स्वामी विवेकानंद एवं देवी अहिल्याबाई होल्कर के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वंदे मातरम् गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
शाखा अध्यक्ष शीलू जैन ने बताया कि –
“हर वर्ष देवी अहिल्या शाखा द्वारा समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। यह कार्यक्रम महिलाओं की भूमिका को पहचानने और उनके उत्साहवर्धन के उद्देश्य से आयोजित किया गया।”
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता साहित्यकार अनुराधा शर्मा ने देवी अहिल्याबाई के जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अहिल्याबाई ने जनकल्याण, धार्मिक सहिष्णुता और न्याय आधारित शासन की मिसाल कायम की।
समारोह में भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं से जुड़ी महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, शाखा पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में सम्मानित महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मनीषा मित्तल ने किया।
कार्यक्रम के अंत में शाखा सचिव निशा अरोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि –
“यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण की ओर एक सशक्त पहल है। देवी अहिल्या शाखा समाज में महिला नेतृत्व को सशक्त करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति –
रचना पाठक (जिला सह प्रभारी), उमा पालीवाल (प्रांतीय महिला संयोजक), कुसुम शर्मा (प्रांतीय उपाध्यक्ष), डॉ. प्रियंका सैनी (प्रांतीय सहसचिव), मेघना खंडेलवाल (महानगर सहसमन्वयक), सारिका मित्तल (प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य), कविता शर्मा, मेघा वशिष्ठ (शाखा कोषाध्यक्ष), नीता रिंकी शर्मा (महिला सहभागिता संयोजक), धारा गोयल (कार्यक्रम संयोजक) सहित अनेक गणमान्यजन एवं कार्यकारिणी सदस्यगण उपस्थित रहे।