Written by : प्रमुख संवाद
कांग्रेस की विशाल रैली में आमजन व कार्यकर्ता करेंगे सरकार की नीतियों का विरोध
कोटा, 8 सितंबर।
कोटा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 10 सितंबर को आयोजित होने वाली जन आक्रोश रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आमजन में जबरदस्त उत्साह है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई बड़े नेता इस ऐतिहासिक रैली में शामिल होंगे। रैली सुबह 11 बजे किशोर सागर तालाब की पाल से प्रारंभ होकर महाराज अग्रसेन चौराहा, स्वामी विवेकानंद चौराहा, महर्षि नवल चौराहा होते हुए कलेक्ट्री तक पहुंचेगी और सभा में तब्दील होगी।

“जनता का आक्रोश सड़कों पर उतरेगा” – प्रहलाद गुंजल
पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में पौने दो साल और केंद्र में 11 साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन जनता को इनके होने का एहसास तक नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान और जवान जैसे असली मुद्दे हाशिए पर चले गए हैं और भाजपा सिर्फ धार्मिक उन्माद फैलाकर सत्ता में बनी रहना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, पुलिस व अपराधियों में फर्क मिट चुका है और शहर का विकास ठप्प पड़ा है।
गुंजल ने बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित हाडौती क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि गांव तबाह हो चुके हैं, फसलें बर्बाद हैं, मवेशी बह गए हैं, लेकिन सरकार सिर्फ कागजी खानापूर्ति में व्यस्त है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीणों के लिए विशेष पैकेज जारी कर नुकसान की पूरी भरपाई करे।
“वोट चोरी की शुरुआत कोटा से” – रविंद्र त्यागी
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में वोट चोरी की शुरुआत कोटा से हुई। यहां के सांसद ओम बिरला के मकान में 500 से अधिक वोटरों के नाम दर्ज मिले थे। त्यागी ने कहा कि यही मॉडल आज पूरे देश में अपनाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को संवेदनहीन करार देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था, बाढ़ प्रबंधन और अतिवृष्टि से निपटने में सरकार पूरी तरह विफल है।
“स्मार्ट मीटर गांवों में नहीं लगाने देंगे” – भानु प्रताप सिंह
देहात जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि से किसानों की हालत बदतर है, लेकिन सरकार सिर्फ फोटो खिंचाने तक सीमित है। उन्होंने घोषणा की कि ग्रामीणों पर स्मार्ट मीटर थोपने का हर प्रयास नाकाम कर दिया जाएगा, क्योंकि यह आमजन को लूटने की साजिश है।
“भाजपा सरकार आमजन के अधिकार छीन रही” – महेंद्र राजोरिया
रामगंजमंडी कांग्रेस नेता महेंद्र राजोरिया ने कहा कि भाजपा सरकारें लगातार जनता के अधिकारों पर कुठाराघात कर रही हैं। अगर जनता समय रहते नहीं जागी तो देश को फिर गुलामी की राह पर धकेला जाएगा।
10 सितंबर को होगा ऐतिहासिक प्रदर्शन
प्रेस वार्ता में प्रहलाद गुंजल, रविंद्र त्यागी, भानु प्रताप सिंह, गायत्री मीणा, महेंद्र राजोरिया सहित सभी नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से 10 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि यह रैली सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बनेगी और प्रदेश ही नहीं, केंद्र सरकार को भी बेचैन कर देगी।
