भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का अंता प्रवास, राठौड़ ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से की चुनावी रणनीति पर चर्चा

Written by : लेखराज शर्मा

बारां/मांगरोल, 31 अक्टूबर। अंता विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर मांगरोल पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारा है, वह भ्रष्टाचार का प्रतीक बन चुका है और जिन पर स्वर्गीय भरत सिंह ने स्वयं गंभीर आरोप लगाए थे, उसी व्यक्ति को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने जमीन से जुड़े किसान एवं दुकानदार मोरपाल सुमन जैसे आम कार्यकर्ता को टिकट देकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति की परंपरा को आगे बढ़ाया है। यह चुनाव व्यक्ति के चरित्र और विश्वसनीयता का चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जाकर जनता से संवाद करने की अपील की। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं। जनता अब विकास चाहती है और भाजपा ही उस विश्वास की प्रतीक है।
चुनाव प्रभारी एवं सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा दिलों को जोड़ने का कार्य किया है। यह उपचुनाव आगामी पंचायत चुनावों की दिशा भी तय करेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बैठक में अतिथियों द्वारा भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद राष्ट्रगीत हुआ और नेताओं का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, कानून मंत्री जोगाराम पटेल, जिला अध्यक्ष नरेश सिकरवार, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री महेंद्र कुमावत सहित पार्टी पदाधिकारी मंचासीन रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने क्षेत्र की चुनावी स्थिति की समीक्षा की और आमजन से संवाद कर भाजपा के विजन एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!