पूर्वी राजस्थान में पहली बार एडवांस्ड रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सर्जरी की ऐतिहासिक शुरुआत

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा | 01 फ़रवरी
कोटा हार्ट एवं श्री जी हॉस्पिटल में पूर्वी राजस्थान के पहले एडवांस्ड ऑर्थोपेडिक रोबोटिक सिस्टम का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया गया। यह अत्याधुनिक तकनीक जोड़ प्रत्यारोपण, स्पोर्ट्स इंजरी एवं जटिल हड्डी रोगों के उपचार में अभूतपूर्व सटीकता और सुरक्षा प्रदान करेगी।

हॉस्पिटल में कार्यरत सीनियर जोड़ प्रत्यारोपण एवं रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दुर्गाशंकर ढिल्लन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रोबोटिक सिस्टम Fully Automatic Arm से लैस है और इसे दुनिया के सबसे एडवांस्ड रोबोटिक सिस्टम्स में गिना जाता है। इस तकनीक के माध्यम से सर्जरी अत्यंत सूक्ष्मता, कम त्रुटि और बेहतर परिणामों के साथ की जाती है, जिससे मरीजों की रिकवरी तेज होती है और जटिलताओं की संभावना भी न्यूनतम रहती है।

उन्होंने बताया कि कोटा एवं आसपास के क्षेत्रों में यह अपनी तरह का पहला रोबोटिक ऑर्थोपेडिक सिस्टम है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक उपचार की सुविधा अब अपने ही शहर में उपलब्ध हो सकेगी।

हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राकेश जिंदल ने कहा कि एडवांस्ड रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत के बाद अब कोटा एवं आसपास के मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि कोटा आने वाले वर्षों में मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर सकता है।

उन्होंने बताया कि अब तक इस रोबोटिक सिस्टम की सहायता से 8 से 10 सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं और सभी के परिणाम संतोषजनक रहे हैं। वर्तमान में रोबोटिक सर्जरी नियमित रूप से की जा रही है।

इस ऐतिहासिक पहल के साथ कोटा हार्ट एवं श्री जी हॉस्पिटल ने क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है, जिससे पूर्वी राजस्थान के मरीजों को विश्वस्तरीय ऑर्थोपेडिक उपचार का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!