Written by : Sanjay kumar
मुंबई/जयपुर, 01 फरवरी|
बॉलीवुड के चर्चित निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म जगत के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। आधी रात के करीब 12:45 बजे दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने ‘शेट्टी टावर’ के मुख्य गेट और बाहरी दीवारों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। घटना के समय रोहित शेट्टी स्वयं घर के अंदर मौजूद थे, हालांकि सौभाग्यवश किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने करीब चार से पांच गोलियां चलाईं, जिनके निशान इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। घटना के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े कुछ अपराधियों ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
सूत्रों के अनुसार, यह पोस्ट शुभम लोंकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू के नाम से साझा की गई, जिसमें रोहित शेट्टी को खुली धमकी दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही हैं और इसे मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की साजिश भी मानकर चल रही हैं।
राजस्थान से जुड़े तार
जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस हमले के तार राजस्थान से जुड़े हो सकते हैं। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का नेटवर्क राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर सहित सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हमले में शामिल शूटर इन्हीं क्षेत्रों से जुड़े हो सकते हैं। गिरोह द्वारा कम उम्र के युवकों को लालच देकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने का पुराना पैटर्न भी जांच के दायरे में है।
‘काम में दखल’ की धमकी की जांच
धमकी भरे संदेश में ‘काम में दखल’ देने का उल्लेख किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इसका संबंध किसी फिल्म प्रोजेक्ट, व्यावसायिक लेन-देन या कथित वसूली से तो नहीं है। इस पहलू पर मुंबई क्राइम ब्रांच गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुणे से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और एसटीएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि पूरे मामले की जांच बहु-एजेंसी समन्वय के साथ जारी है।
