संगठन मजबूत कर लोकतंत्र बचाने का आह्वान, कांग्रेस की संयुक्त बैठक में बूथ स्तर तक विस्तार पर जोर

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 10 अप्रैल।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत शुक्रवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर एवं देहात कांग्रेस कमेटियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीसीसी महासचिव एवं कोटा जिला प्रभारी पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी पुष्पेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार पूरे अप्रैल माह में संगठन विस्तार का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभियान को जमीनी स्तर तक ले जाकर संगठन को मजबूती प्रदान करें।

शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पहले ही ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर बैठकों का आयोजन कर वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है, जिनकी समीक्षा के बाद शीघ्र ही नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार इसे नियंत्रित करने में विफल रही है। निकाय एवं पंचायत चुनाव टालने के कारण शहरी और ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर संगठन से नए लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक संगठन को मजबूत कर इन मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की रक्षा कर सकता है।

बैठक में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से राखी गौतम तथा देहात कांग्रेस की ओर से भानू प्रताप सिंह ने प्रभारी पुष्पेन्द्र भारद्वाज का साफा, माला एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सह प्रभारी धर्मराज मेहरा का भी स्वागत किया गया।

बैठक का संचालन जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया। बैठक में विधायक चेतन पटेल, लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल, पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, नईमुद्दीन गुड्डू, नितीश सुराणा, अमीन पठान सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण तथा सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!