कोटा, 10 अप्रैल। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) का 56वां स्थापना दिवस क राजकीय कला महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्र संवाद कार्यक्रम, नारा लेखन प्रतियोगिता एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राजकीय विज्ञान महाविद्यालय, राजकीय कला महाविद्यालय एवं जेडीबी गर्ल्स कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। छात्र नेता रिद्धम शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत छात्र संवाद आयोजित कर नवनियुक्त पदाधिकारियों—जिला उपाध्यक्ष दिलीप मीणा, जिला सचिव रोहित कुमार भील एवं लाडपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रोहित मेघवाल—का सम्मान किया गया।
छात्र नेता मोहित कुमार ने बताया कि महाविद्यालय इकाई द्वारा आयोजित नारा लेखन प्रतियोगिता में यश राज ने प्रथम, राधिका राठौर ने द्वितीय तथा योगेन्द्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन हंसवी एवं भावना सैनी ने किया।
इस अवसर पर छात्र नेता लोकेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के पश्चात महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह, महाराणा प्रताप एवं सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही ‘जॉइन एनएसयूआई’ अभियान की शुरुआत करते हुए पूरे महाविद्यालय परिसर में रंगोली के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया गया। कार्यक्रम में कावेरी कुमारी, भाविका, नेहा मंसूरी, चित्रांशी, रोहित, अमन, आशीष वर्मा, सुमित, ज़ीशान ख़ान एवं रितिका मीना सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
