Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 12 अप्रैल। बर्फानी बाबा के पावन दर्शन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। देश की प्रसिद्ध अमरनाथ यात्रा इस वर्ष तीन जुलाई से नौ अगस्त तक आयोजित होगी। हाड़ौती संभाग के श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में 1 जुलाई तालेड़ा से 160 व रावतभाटा से 125 यात्रियों का पहला जत्था बाबा के दरबार के लिए रवाना होगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी शिव शक्ति सेवा मंडल हाड़ौती संभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए बालटाल में निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहां हजारों यात्रियों को भोजन व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
15 अप्रैल से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन, ये दस्तावेज जरूरी
सेवा मंडल के संयोजक दुष्यंत कुमार श्रृंगी ने बताया कि अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए 15 अप्रैल 2026 से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। कोटा में दादाबाड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक और छावनी स्थित एसबीआई बैंक में श्रद्धालु अपना पंजीयन करा सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और दो फोटो अनिवार्य होंगे। उन्होंने बताया कि अमरनाथ की यात्रियों के लिए सेवा समिति द्वारा तीन जगह पर भंडारी का आयोजन किया जाता था लेकिन इस बार साइन बोर्ड द्वारा उन्हें सिर्फ बालटाल में ही भंडारे के आयोजन की स्वीकृति दी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पूर्व की भांति तीन जगह पर भंडारे आयोजित करने की मांग की है। इस बार अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने यह प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर तय की है और हर दिन सीमित संख्या में यात्रियों को अनुमति दी जाएगी।
हाड़ौती से लगभग दस हजार श्रद्धालुओं के जाने की संभावना
श्रृंगी ने बताया कि इस बार हाड़ौती संभाग से दस हजार श्रद्धालुओं के अमरनाथ यात्रा में शामिल होने की संभावना है। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। साथ ही जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप पर आरएफडी आईडी कार्ड बनाए जाएंगे जिससे यात्रियों की लोकेशन सरकार को हर समय मिलती रहेगी। लोकेशन ट्रेस होने से यात्रियों को किसी भी तरह की समस्या आने पर लोकेशन के आधार पर तुरंत राहत पहुंचाई जा सकेगी।
सड़क-रेल सुविधाओं से यात्रा हुई आसान
21 बार बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके दुष्यंत श्रृंगी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा सड़क और रेल सुविधाओं के विस्तार से यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गई है।
पहले कटरा से श्रीनगर तक सड़क मार्ग से करीब दस घंटे लगते थे, लेकिन अब रेल सेवा शुरू होने से यह सफर लगभग छह घंटे में पूरा हो जाता है। यात्रियों को एसी और स्लीपर कोच की सुविधा भी मिल रही है।
शॉर्टकट रास्तों से मिलेगी राहत
यात्रा मार्ग को और सुगम बनाने के लिए चंदनबाड़ी से पिस्सू घाटी के आगे नए शॉर्टकट रास्ते तैयार किए गए हैं। पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग और पालकी-खच्चर के लिए अलग रास्ता बनाया गया है, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगी। साथ ही यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी है जिसमें पहलगाम से 4200 रूपये और बालटाल से 4500 किराया रखा गया है।
कोटा समेत हाडोती संभाग में रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने की मांग
शिव शक्ति सेवा मंडल हाडोती संभाग के संयोजक दुष्यंत श्रृंगी एवं तालेड़ा ब्रांच के कोषाध्यक्ष पन्नालाल गुंजल ने बताया कि हाडोती संभाग से हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए जाते हैं लेकिन रजिस्ट्रेशन कोटा और झालावाड़ में ही होते हैं जहां भी सिर्फ कोटा में दो जगह और झालावाड़ में एक बैंक में रजिस्ट्रेशन की सुविधा है वहां भी एक दिन में मात्र 20 रजिस्ट्रेशन होते हैं। ऐसे में उन्होंने रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बूंदी जिले के तालेड़ा, अंता रामगंजमंडी और बारां जिले में रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ाई जाए जिससे यात्रियों को राहत मिल सके यात्रियों इससे यात्रियों के बढ़ने की संभावना है।
इस अवसर पर स्वामी लक्ष्मणदास महाराज, पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी, रौनक सक्सेना, टीकमचंद, रिटायर्ड एडिशनल एसपी राजेन्द्र ओझा, महेन्द्र शर्मा, सुभाष सैनिक, एडवोकेट रविंद्र खैनवा, पन्नालाल गुंजल और नेमीचंद प्रजापत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
