कोटा, 12 अप्रैल।
महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नारी शक्ति वंदन अभियान का रविवार को राजस्थान भर में एक साथ पत्रकारवार्ता के माध्यम से शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में कोटा संभाग मुख्यालय पर जी.एम.ए. सभागार में संभाग स्तरीय प्रेसवार्ता आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अभियान की कोटा संभाग प्रभारी एवं राजस्थान राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का सपना अब साकार हो चुका है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2023 में केंद्र सरकार द्वारा पारित यह अधिनियम देश की महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी देगा। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले जनगणना एवं परिसीमन से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिससे इस व्यवस्था को शीघ्र लागू किया जा सके।
उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र में ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए कहा कि इससे न केवल महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, बल्कि संसद और विधानसभा की सीटों में भी वृद्धि होगी, जिससे जनभागीदारी और सुदृढ़ होगी।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने अधिनियम का स्वागत करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं और आज महिलाएं सर्वोच्च पदों पर अपनी क्षमता सिद्ध कर रही हैं।
पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि इस अधिनियम में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग की महिलाओं को भी समान रूप से आरक्षण का लाभ दिया गया है, जो सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय है, जो महिलाओं को बराबरी का अधिकार और सम्मान दिलाने का कार्य करेगा। उन्होंने आमजन से इस अभियान के समर्थन में 9667173333 पर मिस्ड कॉल देने का आह्वान किया।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि यह अभियान केवल एक कानून तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, नेतृत्व क्षमता और नीति-निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम है। यह पहल विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के अंत में संभाग प्रभारी सुमन शर्मा ने कोटा शहर, कोटा देहात एवं बूंदी जिलों की अभियान टीमों के साथ आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभियान से जुड़ी महिला कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
