Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 13 मई। न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और चिकित्सा व्यवस्थाओं में लापरवाही के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आमजन रैली के रूप में न्यू मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया।


सभा को संबोधित करते हुए कोटा प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और ग्रामीण जनता इलाज के लिए आती है, लेकिन वर्तमान हालात में अस्पताल “मौत की कब्रगाह” बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में सच्चाई दबाने और लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है।
प्रहलाद गुंजल ने कहा कि प्रसूताओं की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और अस्पतालों से लोगों का भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और चिकित्सा विभाग असली दोषियों तथा “दवा माफियाओं” को बचाने में लगे हैं। गुंजल ने दावा किया कि शुरुआती स्तर पर अस्पताल प्रशासन ने स्वयं दवाओं के रिएक्शन की बात कही थी, लेकिन अब डॉक्टरों पर कार्रवाई कर मामले को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
गुंजल ने कहा कि कांग्रेस की आंदोलन की घोषणा होते ही प्रशासन “घुटनों पर आ गया” और जल्दबाजी में समझौते तथा मांगें मानने की प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपए मुआवजा, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और दवा सप्लाई से जुड़े लोगों पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की तथा मरीजों को जल्द छुट्टी देने के प्रयासों पर भी आपत्ति जताई। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
