महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का सड़क पर शक्ति प्रदर्शन, पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि पर केंद्र सरकार को घेरा

Written by : प्रमुख संवाद

पैदल वाहन मार्च और पुतला दहन कर आमजन को राहत देने की उठी मांग

कोटा, 15 मई 2026। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने कोटा में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा एवं प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देश पर महिला कांग्रेस कोटा शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में जवाहर नगर स्थित पेट्रोल पंप के सामने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूटी और मोटरसाइकिल के साथ पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई विरोधी नारे लगाए तथा प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों का असर केवल ईंधन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव परिवहन, खाद्य वस्तुओं, घरेलू सामान और आम जरूरत की चीजों पर पड़ता है। आज किसान, मजदूर, युवा, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव झेल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार आमजन की समस्याओं से दूर दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल प्रचार और बड़े-बड़े दावों में व्यस्त है, जबकि वास्तविकता यह है कि महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और भविष्य में भी जनहित की लड़ाई मजबूती के साथ जारी रखेगी।

महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए, महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा आमजन को राहत दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र राहत नहीं मिली तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस पदाधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!