वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान : मंत्री हीरालाल नागर ने गणेश कुंज पर किया श्रमदान

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 25 मई।
सांगोद नगर के पीपली घाट स्थित गणेश कुंज पर ‘वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान’ के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गणेशपाल मंदिर में गणपति का विधिवत पूजन कर इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। इस दौरान पूरा परिसर ‘गंगा माता की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। अभियान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए महिलाओं द्वारा एक कलश यात्रा भी निकाली गई। अभियान’ के शुभारंभ पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने खुद आगे बढ़कर स्वच्छता की कमान संभाली। उन्होंने सांगोद के पीपली घाट पर आमजन और अधिकारियों के साथ मिलकर भारी मात्रा में श्रमदान किया। मंत्री नागर ने नदी किनारे फैले प्लास्टिक, अनुपयोगी अपशिष्ट और गंदगी को अपने हाथों से बटोरकर साफ किया। उन्हें इस तरह जमीन पर उतरकर सफाई करते देख वहां मौजूद नागरिकों और युवाओं में भारी उत्साह भर गया और सभी इस सफाई यज्ञ में जुट गए।

आमजन को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश बदल रहा है। आज ग्रामीण क्षेत्रों में लोग जागरूक हो चुके हैं और हर घर में शौचालय बनने से खुले में शौच से मुक्ति मिली है। उन्होंने घोषणा की कि अभियान के तहत सभी सरकारी विभागों के भवनों और कार्यालयों की सफाई व रंग-रोगन (पुताई) का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने संदेश दिया कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री नागर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह विशेष अभियान 25 मई से शुरू होकर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक निरंतर चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पानी की बर्बादी को रोकना, जलाशयों की सफाई करना, जल स्रोतों का पुनर्भरण (रीचार्ज) करना और गांवों से कचरा हटाकर उन्हें पूर्णतः स्वच्छ बनाना है। उन्होंने आमजन से इस महाअभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

नदी में कचरा फेंकने पर युवक को टोका, दिए कड़े निर्देश
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मंत्री हीरालाल नागर ने नदी में कचरा फेंक रहे एक युवक को मौके पर ही टोका। उन्होंने युवक को समझाइश करते हुए कहा कि नदी-नालों में किसी भी प्रकार का प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट या पूजन सामग्री न डालें। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नदी को दूषित करने वालों व अवैध रूप से मछली पकड़ने वालों पर सख्त रोक लगाई जाए।

गणेश कुंज का होगा सौंदर्यीकरण, लगेगी ड्रिप इरिगेशन प्रणाली
मंत्री नागर ने नदी किनारे स्थित सरकारी स्कूल के पीछे गणेश कुंज पर नीम और पीपल के पौधों का रोपण किया। उन्होंने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मनोज मालव को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ड्रिप सिंचाई पद्धति से पानी की व्यवस्था की जाए।
परिसर से अनुपयोगी बबूल के पेड़ों को तुरंत हटाया जाए। मिट्टी का लैंडस्केपिंग कार्य कर इस पूरे क्षेत्र को एक सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जाए।
पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए पॉम खजूर जैसे आकर्षक पौधे लगाए जाएं।

विधायक कोष से बड़ी सौगात
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सांगोद विधानसभा के लगभग 50 हजार परिवारों को विधायक कोष से दो-दो डस्टबिन (कुल 1 लाख डस्टबिन) मुफ्त दिए जाएंगे, ताकि लोग घर पर ही सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग निस्तारण कर सकें।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!