Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 25 मई। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत सोमवार शाम किशोर सागर तालाब पर भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट से सजा किशोर सागर देर शाम तक आकर्षण का केंद्र बना रहा। तालाब की लहरों पर तैरते हजारों दीपों ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया मानो पूरा किशोर सागर सितारों से सुसज्जित हो गया हो।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने सहभागिता करते हुए आमजन के साथ जल संरक्षण का संदेश दिया। दीपदान के दौरान मंत्रोच्चार, दीपों की टिमटिमाती रोशनी और लोगों के उत्साह ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने जल बचाने, वर्षा जल संग्रहण को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पानी बचाने के प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि किशोर सागर केवल एक तालाब नहीं, बल्कि कोटा की सांस्कृतिक पहचान और शहर की धरोहर है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की शुरुआत अपने आसपास के जल स्रोतों से ही होनी चाहिए और जल बचत को जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर पीयूष समारिया, नगर निगम आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान “जल है तो कल है” का संदेश लोगों के बीच प्रमुख रूप से गूंजता रहा।
