कोटा गणेश महोत्सव को ‘जिला महोत्सव’ घोषित करें, महाराष्ट्र की तर्ज पर दें आर्थिक सहायता: श्री गणेश महोत्सव आयोजन समिति महासंघ

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 31 मई।
सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ की ओर से रविवार को गीता भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें शहर के 51 प्रमुख गणेश मंडलों से आमंत्रित 3-3 सदस्यों से कुल 153 सदस्यों को “सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान” से अलंकृत किया गया।

मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि समारोह को आशीर्वाद देने के लिए मौजी बाबा पावन धाम आश्रम की महामंडलेश्वर साध्वी डॉ. हेमा सरस्वती, कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर माता नीति अंबा विशेष रूप से उपस्थित हुईं। मुख्य अतिथि के रूप में संदीप चांदीवाला थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय गोयल एवं आरएल विजय मौजूद रहे।

इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों का अभिनंदन करने के लिए आयोजन समिति से मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल, संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी, दिनेश कुमार बंसल, परमानंद गर्ग, अश्वत्थामा दाधीच, बसंत भरावा, महेश पंचोली, अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, महावीर जैन, योगेश शर्मा, हेमंत सिंह, कमल सिंह सोलंकी, धर्मपाल सिंह, नरेंद्र सिंह जादौन और लक्ष्मण सिंह हाडा सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेश कारा द्वारा किया गया।

इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब’ की होगी स्थापना
महासंघ के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने कोटा के गणेश महोत्सव को ‘जिला महोत्सव’ घोषित करने के साथ ही स्थानीय गणेश मंडलों को राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आर्थिक अनुदान प्रदान करने की पुरजोर मांग उठाई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ‘इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब’ की स्थापना करते हुए जन जागृति अभियान चलाया जाएगा इसके अंतर्गत आगामी 2026 के गणेश महोत्सव में इको फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित करने वाले 21 सर्वश्रेष्ठ गणेश मंडलों का चयन किया जाएगा। भामाशाहों के सहयोग से प्रत्येक मंडल को 5100 रुपए की राशि का नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

निशुल्क मिलेंगी इको फ्रेंडली प्रतिमाएं, अगस्त में होगा पंजीयन
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि महासंघ के संयोजन में प्रथम चरण के तहत कोटा के 51 प्रमुख गणेश मंडलों को ‘सनातन धर्म संस्कृति गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। ​उन्होंने बताया कि महासंघ ने इस वर्ष पर्यावरण अनुकूल उत्सव मनाने के लिए 15 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि का बजट निर्धारित किया है। इस बजट के माध्यम से कोटा के विभिन्न गणेश मंडलों को 3 फीट से 5 फीट तक की 51 इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, आम परिवारों में स्थापना के लिए 6 इंच, 8 इंच एवं 10 इंच की कुल 1008 इको फ्रेंडली गणपति प्रतिमाएं भी निशुल्क बांटी जाएंगी। इन निशुल्क प्रतिमाओं को प्राप्त करने के लिए आगामी अगस्त माह में एक विशेष संपर्क नंबर जारी कर पंजीकरण की प्रक्रिया विधिवत रूप से प्रारंभ की जाएगी।

कोटा गणेश महोत्सव की बनेगी स्मारिका
महामंत्री राजाराम जैन के नेतृत्व में 440 विभिन्न गणेश मंडलों से संपर्क स्थापित कर उन्हें महासंघ की पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी भावी कार्य योजनाओं की जानकारी दी गई थी। जिन्हें समारोह का निमंत्रण दिया गया था। कोटा जिले में लगभग 1000 से अधिक ऐसे गणेश मंडल हैं जो 3 फुट से अधिक ऊंची प्रतिमा स्थापित करते हैं। इस वर्ष भी महासंघ की 10 सदस्यों की एक विशेष टीम गणेश महोत्सव के अवसर पर पंडालों में जाकर संपर्क स्थापित करेगी और सभी मंडलों को जोड़ते हुए एक भव्य स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!