Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 1 जून। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कोटा दक्षिण द्वारा सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में नीट परीक्षा में कथित धांधली एवं पेपर लीक, बढ़ती महंगाई तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया तथा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष जोन्टी बीरवाल एवं जयेश शृंगी ने किया। इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधानसभा प्रभारी सीताराम नैनीवाल ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा प्रभावित किया है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पीसीसी सचिव शिवराज गुंजल ने बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को आमजन के लिए गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से राहत देने की मांग की।
ज्ञापन में नीट प्रकरण की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने, महंगाई पर नियंत्रण तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निवर्तमान पार्षद कपिल शर्मा, अनुराग गौतम, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता स्वप्निल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
