Written by : प्रमुख संवाद
रक्तदान शिविरों में 3764 यूनिट रक्त संग्रह, जन्मदिन बना सेवा का पर्व
कोटा, 30 जून। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल का जन्मदिन इस वर्ष भी सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया गया। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित एक दर्जन से अधिक रक्तदान शिविरों में कुल 3764 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। गर्मी के मौसम में रक्त की कमी को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को रक्तदान दिवस के रूप में मनाकर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी पहल की।


रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति जताया आभार
इस अवसर पर प्रहलाद गुंजल ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से जन्मदिन के औपचारिक आयोजनों में विश्वास नहीं रखते, लेकिन उन्हें गर्व है कि उनके कार्यकर्ता कई वर्षों से इस दिन को रक्तदान दिवस के रूप में मनाकर मानव सेवा का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मियों में प्रदेशभर में रक्त की कमी रहती है, ऐसे समय में हजारों यूनिट रक्त का संग्रह अनेक जरूरतमंद लोगों के जीवन बचाने में सहायक बनेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और समाजसेवा की भावना उनके लिए किसी भी सम्मान से बढ़कर है।
शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे रक्तदान शिविर
रक्तदान शिविर एसी के गणेश जी मंदिर दादाबाड़ी, प्रधान कार्यालय नयापुरा, सिंधी धर्मशाला स्टेशन, एग्जॉटिका मैरिज गार्डन कुन्हाड़ी, न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सुधा हॉस्पिटल, कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र, सिमलिया, इंद्रगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए गए। 27, 28 और 30 जून तक चले इन शिविरों में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने भाग लेकर रक्तदान किया।
प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
प्रहलाद गुंजल को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह सहित प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने दूरभाष पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
नाहरसिंगी माता के दर्शन से की दिन की शुरुआत
जन्मदिन की शुरुआत प्रहलाद गुंजल ने धर्मपुरा स्थित नाहरसिंगी माता मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त कर की। मंदिर में वेद विद्यालय के विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। इसके बाद बच्चों के साथ सादगीपूर्ण तरीके से केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी हुआ आत्मीय स्वागत
जन्मदिन के अवसर पर कोलाना, आवली, रोजड़ी, नयागांव, रामराजपुरा सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों ने प्रहलाद गुंजल का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
ओबीसी विभाग ने किए विभिन्न सेवा कार्य
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष दीपक नामदेव के नेतृत्व में जन्मदिन के अवसर पर कई सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें गौशालाओं में गायों को हरा चारा खिलाना, गायों के गले में रेडियम बेल्ट बांधना तथा जरूरतमंद बच्चों को कपड़े और चप्पलों का वितरण शामिल रहा।
दिनभर लगा शुभकामनाएं देने वालों का तांता
प्रहलाद गुंजल के निवास पर सुबह से देर शाम तक समर्थकों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों का शुभकामनाएं देने के लिए लगातार आगमन होता रहा। पूरे दिन जन्मदिन सेवा, समाजसेवा और जनसहभागिता के वातावरण में संपन्न हुआ।
