Written by : प्रमुख संवाद
कोटा,14 मई। NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को कोटा में NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI कोटा जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तलवंडी चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध जताते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विशाल मेवाड़ा ने कहा कि यह मुद्दा केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की अपेक्षा रखते हैं तथा ऐसे मामलों से युवाओं का विश्वास कमजोर होता है।
NSUI की ओर से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। संगठन ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए सुधार की आवश्यकता बताई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर छात्र आंदोलन और मशाल जुलूस आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष अर्पित जैन, छात्रसंघ महासचिव रजत कुमार, छात्र नेता यश गौतम, गौतम मीणा, केशव, मोहित, सचिन, अनुज, नीरज, शिवांग, भगवान, दिव्यांश, रोहित, शैकुल सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।
