NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 14 मई। NEET 2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार शाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम एवं देहात अध्यक्ष भानु प्रताप के नेतृत्व में घटोत्कच चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से सरकार की मंशा पर संदेह उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की तथा मामले की निष्पक्ष जांच और छात्रों को न्याय दिलाने की बात कही।

देहात अध्यक्ष भानु प्रताप ने कहा कि मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने बताया कि प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!