पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी का कोटा दौरा: कार्यकर्ताओं को दिया किसान कल्याण योजनाओं को धरातल पर उतारने का मंत्र

Written by : प्रमुख संवाद

​कोटा, 23 मई।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी शुक्रवार से कोटा संभाग के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। ​दौरे के तहत कैलाश चौधरी ने शनिवार को कोटा के खड़े गणेश जी स्थित धरणीधर गार्डन में आयोजित भाजपा शहर एवं देहात जिला की एक संयुक्त बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। मंच पर जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, प्रधान जयवीर सिंह, अमृतकुआं और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओपी यादव मौजूद रहे। बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं, किसान मोर्चा के सुदृढ़ीकरण और बूथ स्तर तक पार्टी के नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में संभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

​बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैलाश चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरनी चाहिए। यदि ये योजनाएं हर पात्र किसान तक सही समय पर पहुंच गईं, तो देश का कोई भी किसान गरीब नहीं रहेगा। ​उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सरकार की नीतियों के वाहक बनकर अंतिम छोर पर बैठे किसान तक पहुंचें।

उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए आह्वान किया कि किसान अपनी फसल का वैल्यू एडिशन (मूल्य संवर्धन) करके बाजार में बेचें और जैविक खेती को अधिक से अधिक अपनाएं। उन्होंने रेखांकित किया कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इस दौरान स्थानीय नेताओं ने कैलाश चौधरी का भव्य स्वागत किया और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का संकल्प लिया।

बैठक में जिला अध्यक्ष, किसान मोर्चा ओम नागर अडूसा, पूर्व देहात जिला अध्यक्ष अलकू नंदवाना, मुकुट नागर, एलएन शर्मा, जिला महामंत्री विशाल शर्मा, जिला महामंत्री किसान मोर्चा रामेश्वर मीणा, शहर महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, शैलेंद्र ऋषि, महावीर नायक, ललित शर्मा, उपाध्यक्ष शहर उपाध्यक्ष ध्रुव राठौर, किसान मोर्चा दुर्गाशंकर सुमन, रामविलास सुमन, प्रेम गोचर उपस्थित रहे।

​विपक्ष पर प्रहार और आत्मनिर्भर भारत का विजन
​मंच से संबोधित करते हुए कैलाश चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष ने हमेशा देश के विकास और नीतियों पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व भर में भारत की साख को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। वर्तमान में पेट्रोल-डीजल को लेकर उपजे विश्वव्यापी संकट पर बात करते हुए उन्होंने सभी से संयम बरतने की अपील की। ​पूर्ववर्ती राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया और उनके नेता केवल होटलों से बैठकर अपनी सरकार बचाते रहे। वहीं, वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ‘एक प्रदेश, एक चुनाव’ के सपने को साकार करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!